सम्राट चौधरी से मिली टीम गूगल, बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर लगाने का न्योता

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गूगल से बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने का न्योता दिया है। दिल्ली के बिहार भवन में सीएम सम्राट चौधरी से गूगल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुलाकात की है। बैठक में तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान बिहार GCC नीति- 2026 के अंतर्गत गूगल को राज्य में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। सम्राट निर्वाचित पीएम के तौर पर नरेंद्र मोदी के पहले नंबर पर पहुंचने और मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी-सीएम की बैठक में शामिल होने दिल्ली गए हैं।

सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खाते में राशि भेजी

सीएम सम्राट चौधरी ने करीब 1 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1100 रुपये बैंक खाते में भेज दिए हैं। सीएम ने कहा है कि हर हाल में हर महीने की 10 तारीख को पेंशन का राशि भेजी जाएगी। वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने पेंशन देने के लिए सरकार के आकस्मिक निधि से 3662 करोड़ रुपये निकालने की मंजूरी को आधार बनाकर सरकार से पूछा है कि क्या बिहार दिवालिया होने की कगार पर है। तेजस्वी ने कहा है कि इस कोष से आपात स्थिति में ही पैसा निकाला जाता है।

सीएम सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग को कोचिंग संस्थानों के लिए संचालन के लिए नई नियमावली बनाने का आदेश दिया है। सरकार आगे से हर जिले में कोचिंग संस्थानों से स्टूडेंट्स का पूरा ब्यौरा लेगी। स्कूल और कॉलेज के क्लास के समय उन स्टूडेंट्स के लिए कोचिंग चलाने की इजाजत नहीं होगी, जिनकी स्कूल या कॉलेज की पढ़ाई पूरी ना हुई हो।

निशांत कुमार 12वीं पास हैं, बीच में छूट गई थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई

पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मात्र 12वीं पास हैं। निशांत के पास इंजीनियरिंग की डिग्री होने का भ्रम लोगों के बीच रहा है, लेकिन एमएलसी चुनाव नामांकन के दौरान निशांत ने जो हलफनामा दिया है, उसमें यह स्पष्ट किया है कि उन्होंने बीआईटी, मेसरा से इंजीनियरिंग का कोर्स पूरा नहीं किया था। निशांत ने पटना साइंस कॉलेज से इंटरमीडिएट पास करने के बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए मेसरा में एडमिशन तो लिया था, लेकिन 5 सेमेस्टर की पढ़ाई के बाद उन्होंने कोर्स को बीच में ही छोड़ दिया था। कोर्स में कुल 8 सेमेस्टर की पढ़ाई 4 साल में होती है। निशांत मेसरा में करीब ढाई साल ही रहे।

टेंडर फिक्सिंग घोटाला केस में आईएएस संजीव हंस को खोज रही एसवीयू

टेंडर फिक्सिंग में तीन अफसरों को स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में दो इंजीनियर के साथ एक प्रशासनिक अफसर शामिल हैं। एसवीयू रिशुश्री टेंडर घोटाला में विवादित आईएएस अफसर संजीव हंस की भी तलाश कर रही है, लेकिन रेड में वो अपने आवास पर नहीं मिले। संजीव हंस भ्रष्टाचार के केस में पहले भी जेल की सैर कर चुके हैं। जमानत पर निकलने के बाद पिछले दिसंबर में हंस का निलंबन खत्म हुआ था।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```