मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, सुल्तानगंज को मिली कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात

  1. सुल्तानगंज | 28 जुलाई 2026
    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
    मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा। अजगैबीनाथ से अगुवानी घाट तक रोप-वे का निर्माण होगा तथा भागलपुर से मुंगेर तक लगभग 83 किलोमीटर लंबा गंगा पथ (मरीन ड्राइव) विकसित किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, नई टाउनशिप और पर्यटन सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
    उन्होंने कहा कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2027 से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं सुल्तानगंज-देवघर फोरलेन सड़क का निर्माण बरसात के बाद तेज गति से शुरू होगा। सुल्तानगंज-देवघर नई रेललाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां दोनों ओर घाटों का निर्माण, डॉल्फिन पर्यटन, गंगा पार्क और रोप-वे जैसी परियोजनाएं भी विकसित की जाएंगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि नाथनगर में विक्रमशिला टाउनशिप तथा बरियारपुर-मुंगेर क्षेत्र में ‘अंग टाउनशिप’ विकसित की जाएगी। इसके साथ ही गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित कर रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज खोले हैं और राज्य के 551 स्थानों पर मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां छात्रों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की आधुनिक तैयारी कराई जाएगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने श्रावणी मेले को विश्व की सबसे बड़ी आस्था यात्रा बताते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालु ‘बोल बम’ के उद्घोष के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक पदयात्रा करते हैं, जो सामाजिक समरसता और आस्था का अद्भुत उदाहरण है।
    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला ऐप का लोकार्पण किया। इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा, मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। साथ ही पर्यटन विभाग की पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
    इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कांवरिया पथ पर निर्मित सेवा शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा का महापर्व है और बिहार सरकार स्वास्थ्य, पेयजल, विश्राम, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष का श्रावणी मेला पहले से अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक होगा।
    इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद अजय मंडल, सांसद गिरिधारी यादव, विधायक मिथुन कुमार यादव, विधायक शुभानंद मुकेश, विधायक ललित नारायण मंडल, विधान पार्षद डॉ. एन.के. यादव, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```