हर घर तिरंगा अभियान के तहत भागलपुर में निकली भव्य तिरंगा रैली
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश से गूंजा शहर, स्कूली बच्चों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
भागलपुर, 12 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को भागलपुर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, कलाकारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जिला प्रशासन के कर्मियों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समाहरणालय से निकली तिरंगा रैली
तिरंगा रैली का शुभारंभ प्रातः 8 बजे समाहरणालय, भागलपुर से जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय के नेतृत्व में हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच रैली समाहरणालय से प्रारंभ होकर तिलकामांझी चौक स्थित तिलकामांझी की प्रतिमा तक पहुंची। इसके बाद रैली पुनः समाहरणालय परिसर लौटकर संपन्न हुई।
वरीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता
रैली में जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। वरीय पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं गरिमामय बना दिया।
तिरंगा हाथों में लेकर अधिकारियों, विद्यार्थियों, कलाकारों एवं अन्य प्रतिभागियों ने एकजुट होकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कलाकारों और विद्यार्थियों ने बढ़ाई रैली की शोभा
रैली में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर के प्रशिक्षक एवं कलाकार, किलकारी बिहार बाल भवन के कलाकार एवं विद्यार्थी तथा विभिन्न कला एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े कलाकार एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जिला प्रशासन के कर्मियों एवं वरीय पदाधिकारियों की सहभागिता ने भी कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
तिरंगा सम्मान और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
तिरंगा रैली के साथ-साथ समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में स्कूली बच्चों के लिए ‘हर घर तिरंगा’ एवं स्वतंत्रता दिवस विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के गौरव को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को उनके उत्साह एवं प्रतिभागिता के लिए 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम एवं स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करने का संदेश दिया गया।
जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने की अपील
कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन, भागलपुर ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करने की अपील की।
भव्य तिरंगा रैली एवं चित्रकला प्रतियोगिता ने भागलपुर में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति, कला, संस्कृति एवं राष्ट्रीय एकता के रंगों से सराबोर कर दिया।
📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply