बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भागलपुर जिले के गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज, कासिल परिसर से राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उच्च शिक्षा, आधारभूत संरचना, उद्योग, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक प्रखंड तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बिहार की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है और अगले एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक प्रखंड तक उच्च शिक्षा की सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बिहार की गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को आधुनिक स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है और अगले एक वर्ष के भीतर विश्वविद्यालय की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने घोषणा की कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय तथा मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा राज्य में चार नए निजी विश्वविद्यालयों को भी मंजूरी दी गई है।
भागलपुर को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा भागलपुर में लगभग 400 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर लंबी गंगा मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसे आगे सबौर से राजमहल बॉर्डर तक विस्तारित किया जाएगा। वहीं कहलगांव स्थित बटेश्वरधाम मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोप-वे का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भागलपुर क्षेत्र में दो एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिनमें सुल्तानगंज का प्रस्तावित एयरपोर्ट भी शामिल है। साथ ही पीरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता वाले पावर प्लांट की स्थापना की जा रही है, जिसकी क्षमता भविष्य में 1600 मेगावाट और बढ़ाई जाएगी। इस परियोजना में लगभग 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
महिलाओं, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा चुकी है तथा शेष पात्र महिलाओं के खातों में 25 जुलाई तक राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से अब तक लगभग 6 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.5 लाख से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है।
कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अपराधी किसी भी जाति या वर्ग का हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जा रहे हैं और साइबर अपराधियों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त से सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर बिना उचित कारण मरीजों को बाहर रेफर नहीं कर सकेंगे। अनावश्यक रेफर करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लाभुकों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने नवस्थापित राजकीय महाविद्यालय के शिलापट्ट का अनावरण किया तथा महाविद्यालय परिसर और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, कुशल युवा कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक शुभानंद मुकेश, रोहित पाण्डेय, ललित नारायण मंडल, मिथुन कुमार, मुरारी पासवान, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply