बीएयू में राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला का भव्य समापन, 8 राज्यों से आईं 2,000 से अधिक आम की प्रविष्टियाँ

 

भागलपुर, 28 जून 2026। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में देश के आठ राज्यों से आम की लगभग 1,100 से अधिक किस्मों की 2,000 से अधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने आम उत्पादन, संरक्षण, मूल्य संवर्धन और विपणन से जुड़े वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

* *

कार्यक्रम को राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) तथा बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना स्थित लोक भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। दोनों ने आम विविधता प्रदर्शनी का अवलोकन कर आयोजन की सराहना की।

दरअसल, दोनों अतिथियों को कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होना था, लेकिन भागलपुर हवाई अड्डे पर खराब दृश्यता के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी और विमान पटना लौट गया।

*’बिहार का आम देश में सर्वश्रेष्ठ’*

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि वे स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्साहित थे, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि बिहार में आम की जितनी विविध किस्में उपलब्ध हैं, उतनी शायद देश के किसी अन्य राज्य में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार प्राचीन काल से आम उत्पादन के लिए प्रसिद्ध रहा है और वैशाली तथा नालंदा के आम्रवनों का उल्लेख ऐतिहासिक ग्रंथों में भी मिलता है। उन्होंने अगले वर्ष मौसम को ध्यान में रखते हुए आयोजन की तिथि पहले निर्धारित करने का सुझाव दिया तथा स्वयं उपस्थित रहने का आश्वासन भी दिया।

*जर्दालू आम की पहचान में बीएयू की बड़ी भूमिका*

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक आम के पीछे किसानों की मेहनत और प्रकृति का आशीर्वाद छिपा होता है। उन्होंने कहा कि भागलपुर का जर्दालू आम आज अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है, जिसमें बिहार कृषि विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विश्वविद्यालय को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

*बिहार नंबर-1 आम उत्पादक राज्य बनेगा : कुलपति*

बीएयू के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आम के क्षेत्र में यह अभूतपूर्व आयोजन है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार देश का नंबर-1 आम उत्पादक राज्य बनेगा।

कार्यक्रम में भागलपुर सांसद अजय मंडल, भागलपुर विधायक रोहित पांडे, सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान तथा आईसीएआर, नई दिल्ली के सहायक निदेशक (उद्यानिकी) डॉ. विश्वबंधु पटेल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

*प्रगतिशील किसानों और महिला उद्यमियों का सम्मान*

प्रगतिशील उत्पादक पुरस्कार
• चंदन आर्य (जोन-02)
• अशोक चौधरी (जोन-03A)
• महेंद्र कुमार (जोन-03B)

महिला उद्यमी सम्मान
• स्वर्ण संध्या भारती (बांका)
• निशा किरण (भागलपुर)
• रिंकू देवी (बांका)
• रंजू प्रकाश (बांका)
• प्रेमलता (मुंगेर)

*उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार*

राष्ट्रीय आम प्रदर्शनी में 2,000 से अधिक प्रदर्शनों को 57 समूहों में विभाजित कर गुणवत्ता, रंग, आकार, स्वाद और अन्य वैज्ञानिक मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रत्येक समूह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

भागलपुर के मनीष कुमार और रेखा चन्द्रा ने कई श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए, जबकि पश्चिम बंगाल के मालदा के बिमान मंडल ने लंगड़ा, हिमसागर, मल्लिका और आम्रपाली जैसी प्रमुख किस्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

*आम ज्ञान प्रतियोगिता और आम खाओ प्रतियोगिता बनी आकर्षण*

कार्यक्रम में आयोजित आम ज्ञान प्रतियोगिता में किसान, छात्र, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

वहीं आम खाओ प्रतियोगिता आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें किसान, छात्र, छात्रा एवं बाल वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

*किसानों को प्रोत्साहित करने की पहल*

समापन अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि राष्ट्रीय आम प्रदर्शनी-सह-कार्यशाला का उद्देश्य उत्कृष्ट आम किस्मों का संरक्षण एवं संवर्धन, किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना तथा आम के मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```