भागलपुर, 12 जून 2026। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर तथा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल आयोजित प्रभात फेरी से हुई, जिसे श्रम अधीक्षक, भागलपुर एवं जिला कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता संबंधी नारे लगाते हुए लोगों को बच्चों के शिक्षा के अधिकार, सुरक्षित बचपन एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
इसके पश्चात विभिन्न सरकारी कार्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने यह संकल्प लिया कि वे बाल श्रम को बढ़ावा नहीं देंगे तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने में अपना योगदान देंगे।
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक, भागलपुर ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जानकारी दी कि श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष धावादल गठित कर छापामारी अभियान चलाया जाता है, जिसके माध्यम से बाल श्रमिकों को मुक्त कराया जाता है तथा दोषी नियोजकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाती है।
श्रम अधीक्षक ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों, व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी बालक को श्रमिक के रूप में नियोजित न करें तथा कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा श्रम विभाग को दें।
उन्होंने कहा कि बाल श्रम मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराना ही एक विकसित एवं समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
“बाल श्रम मुक्त समाज ही विकसित एवं समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।”
📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply