भागलपुर, 13 जून 2026। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और यातायात को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नवगछिया की ओर सुरक्षा एजेंसी के प्रतिनियुक्त कर्मियों के लिए अतिरिक्त शेड निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से उन्हें राहत मिल सके। साथ ही सुरक्षा कर्मियों की सुविधा के लिए मल्टीपल यूरिनल युक्त शौचालय की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी एक-एक घंटे के अंतराल पर लगाई जाए, जिससे वे निर्धारित समय के बाद शेड में आकर विश्राम कर सकें। शेड में पेयजल, इलेक्ट्रॉल पाउडर तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को अतिरिक्त पुलिस बल एवं बाइकर्स क्यूआरटी (QRT) की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मोटरसाइकिल के माध्यम से लगातार यातायात व्यवस्था की निगरानी की जा सके। उन्होंने यातायात को निर्बाध बनाए रखने के लिए पुल पर लगे सभी ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप्स को तत्काल हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि पुल पर वाहन से उतरकर पैदल न चलें, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और वाहनों की गति धीमी पड़ जाती है।
निरीक्षण के उपरांत समीक्षा भवन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक नवगछिया को पुल के नवगछिया छोर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने कोटा केबिनों की संख्या बढ़ाने एवं वॉशरूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मोटरसाइकिल चालकों के लिए पुल के दोनों ओर लगभग डेढ़ मीटर चौड़ी अलग लेन चिन्हित की जाएगी, जिससे उनका आवागमन सुचारू रूप से जारी रह सके। हालांकि निर्धारित लेन से बाहर बाइक चलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नवगछिया की ओर पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने तथा पुल पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर लगाने का निर्देश दिया। इन बैनरों के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि पुल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, लेन उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा पुल पर वाहन रोकना या रेलिंग के पास अनावश्यक रूप से खड़ा होना दुर्घटना का कारण बन सकता है।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply