ओगरी पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, विधायक शुभानंद मुकेश ने सुनीं लोगों की समस्याएं

कहलगांव (भागलपुर): कहलगांव प्रखंड की ओगरी पंचायत में मंगलवार को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कहलगांव के माननीय विधायक शुभानंद मुकेश उपस्थित रहे। उनके साथ डीएसपी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजीव कुमार, ओगरी पंचायत के मुखिया पंकज कुमार एवं जिला परिषद सदस्य सोनी कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, भूमि संबंधी मामलों, बिजली, पेयजल, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई की गई। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएसपी दिलीप कुमार ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। वहीं, बीडीओ राजीव कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान में काफी सुविधा मिलती है।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```