भागलपुर, 15 जून। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को सुल्तानगंज नगर परिषद सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सह भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने की। बैठक में मेला की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि श्रावणी मेला के सफल संचालन में 14 विभागों की अहम भूमिका रहती है। गृह विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई एवं शौचालय, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा पेयजल, ऊर्जा विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा पथ निर्माण विभाग द्वारा कांवड़ पथ पर पीली एवं उजली पट्टी, बालू बिछाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी वाटर एटीएम, जर्मन हैंगर, वीआईपी शौचालय, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, फूड इंस्पेक्शन, मोटरबोट, एसडीआरएफ टीम, वाटर एंबुलेंस और घाटों पर जालीयुक्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था रहेगी। साथ ही पहली बार पंचायती राज विभाग को भी मेले से जोड़ा गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कांवड़ पथ की साफ-सफाई बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके। श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन करने के लिए हेड काउंट कैमरे भी लगाए जाएंगे।

बैठक के दौरान सुल्तानगंज विधायक ने शहर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, महिला अस्पताल की चहारदीवारी के जीर्णोद्धार, कृष्णानंदन उच्च विद्यालय एवं मुरारका कॉलेज में स्थायी खेल मैदान तथा श्रावणी मेला को राष्ट्रीय मेला घोषित कराने की मांग उठाई।

भागलपुर सांसद ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मेला को और बेहतर बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। वहीं बांका सांसद ने अजगैबीनाथ में वर्षभर एसडीआरएफ की स्थायी तैनाती, कुंभ मेले की तर्ज पर आधुनिक बैरिकेडिंग, स्थानीय पंडाओं के लिए स्थायी पास तथा सुल्तानगंज में बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग रखी।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि श्रावणी मेला केवल एक माह का आयोजन नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सोच के अनुरूप मेले के लिए 365 दिनों की स्थायी आधारभूत संरचना विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। दुकानदारों के पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित करने के लिए आधुनिक आईटी समाधान विकसित किए जाएंगे।

बैठक में भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल, बांका सांसद गिरधारी यादव, नगर विधायक रोहित पांडेय, कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष संतोष कुमार साह एवं विपिन बिहारी सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा नगर परिषद के पार्षद उपस्थित रहे।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply