नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन अलर्ट, 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

भागलपुर | भारत वार्ता न्यूज़
आगामी NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन में आयोजित बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई जिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून 2026 को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के मद्देनज़र प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की है।
NTA के दिशा-निर्देशों का होगा सख्ती से पालन
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, जोनल दंडाधिकारी एवं जोनल पुलिस पदाधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभ्यर्थियों की होगी सघन जांच
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक रहे। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचना एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
समय से पहले शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय से पहले शुरू कर दी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। परीक्षा समाप्ति के बाद प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्रियों के सुरक्षित संधारण और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रेषण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (राजस्व) दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```