नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

  1. भागलपुर, 21 जून 2026। नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मोक्षदा गर्ल्स हाई स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, टी.एन.बी. कॉलेजिएट, नव स्थापित जिला स्कूल तथा बरारी हाई स्कूल परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।
    जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों की पहचान पत्र जांच, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों में अनुशासन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निष्पक्ष परीक्षा संचालन पर विशेष बल दिया।
    वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कदाचार या अनियमितता के किसी भी प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
    निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती पाई गई। जिला प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थीं।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```