भागलपुर | 23 जून 2026
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला दण्डाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक नवगछिया वैभव शर्मा (ऑनलाइन), नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
मोहर्रम के कार्यक्रमों की जानकारी
बैठक में बताया गया कि भागलपुर में 24 जून से मोहर्रम की शुरुआत होगी। 24 जून की रात चौकी निकाली जाएगी। 26 जून को सुन्नी समुदाय द्वारा विभिन्न स्थानों से अखाड़ा जुलूस निकलकर सराय एवं किला घाट पहुंचेगा और दोपहर लगभग 3 बजे तक अपने-अपने स्थानों पर वापस लौटेगा। वहीं 27 जून (शुक्रवार) को शिया समुदाय का जुलूस कोतवाली, इमामबाड़ा एवं ततारपुर होते हुए सहजांगी कर्बला तक जाएगा।
शांति समिति ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक में जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त रोशनी, संवेदनशील स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था तथा बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त कराने की मांग की गई। इसके अलावा कोतवाली चौक, सहजांगी, सराय, किला घाट सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।
शांति समिति के सदस्यों ने परबत्ती काली स्थान मार्ग को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए यहां विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई, क्योंकि हसनचक, मुर्गीयाचक, नरगा एवं साहिबगंज के अखाड़े इसी मार्ग से गुजरते हैं।
जिलाधिकारी ने दिए अहम निर्देश
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने कहा कि भागलपुर की सक्रिय सामाजिक भागीदारी प्रशासन के लिए सकारात्मक संकेत है और सभी के सहयोग से मोहर्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होगा। उन्होंने ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने, प्रत्येक अखाड़े में खलीफा एवं 10-12 वरिष्ठ लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उनके नाम एवं आधार विवरण संबंधित थाना में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सिविल सर्जन को एंबुलेंस ऐसी जगह तैनात रखने के निर्देश दिए जहां आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवाजाही संभव हो। साथ ही सभी बीडीओ, सीओ, एसडीएम एवं एसडीपीओ को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया।
बिजली विभाग को लटकते तारों की मरम्मत तथा पहलाम स्थल एवं जुलूस मार्ग के बड़े नालों एवं तालाबों की बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने की सहयोग की अपील
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि शांति समिति द्वारा दिए गए सभी सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अखाड़ों में किसी भी प्रकार के घातक हथियार ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने ताजिया कमेटियों से अपील की कि ताजिया की ऊंचाई बिजली के तारों के अनुरूप रखी जाए तथा एक अखाड़े से दूसरे अखाड़े के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी लोग पर्व को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply