भागलपुर | 27 जून 2026
एनटीपीसी कहलगाँव द्वारा 01 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girls Empowerment Mission-GEM) 2026 का भव्य समापन समारोह उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय उपस्थित रहीं। उनके साथ कहलगाँव के अनुमंडल पदाधिकारी श्री कृष्ण चन्द्र गुप्ता भी समारोह में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बालिकाओं को आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और साहस के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और आत्मविश्वास ही भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की सबसे बड़ी शक्ति है, और प्रत्येक बालिका को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम में एनटीपीसी कहलगाँव के परियोजना प्रमुख (प्रभारी) श्री मनोरंजन परिदा ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण और जीवन कौशल का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि GEM अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
समारोह में श्री श्रीनाथ मारीसेट्टी (महाप्रबंधक, मेंटेनेंस एवं ऐश डाइक मैनेजमेंट), श्रीमती मधुमिता दास (सृष्टि समाज की उपाध्यक्षा), श्रीमती ऊषा मारीसेट्टी सहित एनटीपीसी के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एनटीपीसी कहलगाँव द्वारा पहली बार ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) पुस्तिका’ का लोकार्पण भी किया गया। इस पुस्तिका में अभियान की प्रमुख गतिविधियों, उपलब्धियों तथा प्रतिभागी बालिकाओं के प्रेरणादायी अनुभवों को संकलित किया गया है।
इस वर्ष आयोजित 27 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 127 बालिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कराटे, योग, आत्मरक्षा, विज्ञान, कला एवं शिल्प सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं जीवन कौशल विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समापन समारोह में प्रतिभागी बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, GEM पुस्तिका तथा हिंदी की पाँच प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एनटीपीसी का यह बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2026 एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल के रूप में उभरकर सामने आया।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply