कुशाहा में VUP और चाय टोला में गोलंबर निर्माण की मांग तेज, मंत्री को सौंपा विधायक शुभानंद मुकेश ने ज्ञापन

भागलपुर/कहलगांव | 6 जुलाई 2026
कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग (फोरलेन) परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों की मांग अब तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता शुभानंद मुकेश ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री को ज्ञापन सौंपकर ग्राम कुशाहा में वाहन अंडरपास (VUP) तथा चाय टोला के समीप गोलंबर (रोटरी) के निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि फोरलेन के वर्तमान एलाइनमेंट के कारण कुशाहा गांव की 3,000 से अधिक आबादी तथा उनकी कृषि योग्य भूमि दो हिस्सों में बंट गई है। किसानों को ट्रैक्टर, थ्रेशर एवं अन्य कृषि यंत्रों के साथ खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। निकटतम अंडरपास कई किलोमीटर दूर होने के कारण खेती-किसानी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि परियोजना के प्रारंभिक चरण में ग्रामीणों को कुशाहा में VUP, दोनों ओर सर्विस लेन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से जुड़ाव वाले स्थान पर गोलंबर बनाने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी मांग को लेकर ग्रामीण 2 जुलाई 2026 से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं।
वहीं, धनोरा पंचायत के चाय टोला के पास दो महत्वपूर्ण ग्रामीण एवं जिला संपर्क मार्ग फोरलेन से जुड़ते हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि यहां वैज्ञानिक तरीके से इंटरकनेक्टिविटी और गोलंबर की व्यवस्था नहीं होने पर भविष्य में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
प्रमुख मांगें
कुशाहा में तत्काल वाहन अंडरपास (VUP) का निर्माण कराया जाए।
फोरलेन के दोनों ओर पर्याप्त चौड़ाई की सर्विस लेन बनाई जाए।
कुशाहा एवं चाय टोला में IRC मानकों के अनुरूप गोलंबर (रोटरी) का निर्माण कराया जाए।
विभागीय अभियंताओं एवं NHAI की संयुक्त टीम से शीघ्र स्थल निरीक्षण कराया जाए।
आवश्यक संशोधन होने तक संबंधित हिस्से के निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी मांग किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आम लोगों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखकर उठाई गई है। अब सभी की नजर पथ निर्माण विभाग और NHAI की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```