अंग शिखर सम्मेलन–2026 में कला जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला अंग क्षेत्र का सर्वोच्च सम्मान
भागलपुर। राजा दानवीर कर्ण की ऐतिहासिक धरती अंग नगरी भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित अंग शिखर सम्मेलन–2026 के भव्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त भारतीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार को कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट, प्रेरणादायी एवं समाजोपयोगी योगदान के लिए “अंग गौरव सम्मान” से अलंकृत किया गया।
यह सम्मान अंग मुक्ति दल (केंद्रीय समिति) द्वारा प्रदान किया गया, जिसे अंग क्षेत्र के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक माना जाता है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने अभिनव सैंड आर्ट, मूर्तिकला और सामाजिक जागरूकता पर आधारित कलाकृतियों के माध्यम से राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके मधुरेंद्र कुमार ने सम्मान प्राप्त करने के बाद इसे अंग प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, कला और समाज के प्रति समर्पित सभी कलाकारों को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति के प्रति मेरी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है।”
आयोजकों ने कहा कि मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अद्वितीय कला के माध्यम से अंग क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंचों पर गौरवान्वित किया है। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों और कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें “अंग गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया, जो पूरे अंग क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मधुरेंद्र कुमार का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सम्मान, गौरव और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत इस आयोजन ने अंग क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान प्रदान की।
📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply