कहलगांव में शुरू हुए दो सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

  • भागलपुर/कहलगांव: बिहार में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा को नई दिशा देने की पहल के तहत रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्घाटन किया। इसी क्रम में कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के इंटर स्तरीय शारदा पाठशाला, कहलगांव एवं इंटर स्तरीय राष्ट्रीय उच्च विद्यालय, सनोखर हाट में संचालित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का भी विधिवत शुभारंभ हुआ।
    मुख्यमंत्री द्वारा रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किए जाने के बाद दोनों विद्यालयों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कार्यक्रम का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
    जनप्रतिनिधियों ने किया शिलापट्ट का अनावरण
    शारदा पाठशाला परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में कहलगांव विधायक इंजीनियर शुभानंद मुकेश, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, प्रखंड प्रमुख नूतन देवी, डीसीएलआर मो. सरफराज नवाज, बीडीओ राजीव रंजन तथा प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित राज ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया।
    विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का बनेगा केंद्र
    इस अवसर पर विधायक इंजीनियर शुभानंद मुकेश ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन आधुनिक संसाधनों एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगी।
    21 शिक्षक, 40 विद्यार्थियों का नामांकन
    विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयनंदन मंडल ने बताया कि फिलहाल मॉडल स्कूल के संचालन के लिए दो बड़े कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यालय में कुल 21 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि मॉडल स्कूल के लिए तीन शिक्षकों की पदस्थापना की गई है। वर्तमान में 40 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है।
    उन्होंने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए भविष्य में छात्रावास (हॉस्टल) की व्यवस्था भी आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इस योजना का लाभ उठा सकें।
    गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
    कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं समावेशी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```