मुख्यमंत्री ने भागलपुर में तटबंध का किया निरीक्षण, बेगूसराय में तीन जिलों की बाढ़ तैयारियों की समीक्षा

राहत कार्यों में तेजी और तटबंधों की कड़ी निगरानी के दिए निर्देश, बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए रिंग बांध व नए स्ट्रेच निर्माण की योजना

पटना, 05 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को भागलपुर के नवगछिया में राघोपुर तटबंध का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने बेगूसराय स्थित आईओसीएल परिसर के दिनकर गेस्ट हाउस में बेगूसराय, मुंगेर एवं खगड़िया जिलों में बाढ़-2026 की तैयारियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत एवं सहायता तेजी से पहुंचाने और तटबंधों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में तीनों जिलों के जिलाधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से गंगा नदी के जलस्तर, बाढ़ प्रभावित पंचायतों एवं नगर निकायों, नावों की उपलब्धता, राहत शिविर, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा व्यवस्था तथा तटबंधों की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
24 घंटे संचालित हों कम्युनिटी किचन
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में कम्युनिटी किचन बढ़ाने और उन्हें 24 घंटे संचालित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रतिदिन जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर स्थानीय समस्याओं एवं बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेने को कहा।
उन्होंने सभी जिलों के प्रभारी मंत्री एवं प्रभारी सचिवों को अपने-अपने जिलों में लगातार कैंप कर बाढ़ की स्थिति की निगरानी करने तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा।
मोबाइल मेडिकल टीम और बोट एम्बुलेंस की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल टीम की तैनाती तथा दियारा क्षेत्रों में बोट एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार मेडिकल कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कराने को भी कहा गया।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने तथा किसी भी पात्र किसान को इससे वंचित नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
तटबंधों और स्लूईस गेट की लगातार निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सुरक्षा तटबंधों एवं जमींदारी बांधों की स्थिति सुदृढ़ रखी जाए। तटबंधों और स्लूईस गेट की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव, लाइफ जैकेट, मोटरबोट, राहत एवं बचाव दल, पॉलिथीन शीट और कटाव निरोधक सामग्री सहित आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था पहले से रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां भी कटाव या तटबंध में क्षति की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।
रिंग बांध और नए स्ट्रेच के निर्माण की योजना
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा नदी के जलस्तर में कई स्थानों पर लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी में करीब 20 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है, जबकि सोन नदी में लगभग 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से होने वाले नुकसान के स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। गंगा नदी से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए तटबंधों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा का पानी कई जगहों पर लगभग 20 किलोमीटर तक के स्ट्रेच में फैल रहा है। इसे सीमित करने के लिए आवश्यकता के अनुसार रिंग बांध एवं नए स्ट्रेच का निर्माण कराया जाएगा।
गंगा नदी में गाद की समस्या के समाधान के लिए ड्रेजिंग एवं गाद की सफाई की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नवगछिया के राघोपुर तटबंध का किया निरीक्षण
बेगूसराय रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने भागलपुर के नवगछिया में राघोपुर तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंध पर हुए कटाव तथा उससे बचाव के लिए किए जा रहे कटाव निरोधी कार्यों की अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर तटबंध की स्थिति एवं कटाव से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कटाव से बचाव के लिए जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा किए गए कार्यों से स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा, कोसी, गंडक और सोन नदियों में काफी पानी आया है। सभी प्रमुख नदियों के तटबंधों को दुरुस्त किया जाएगा। गंगा नदी के तटबंध को भी सुदृढ़ किया जाएगा और आवश्यक स्थानों पर ड्रेजिंग एवं गाद की सफाई कराई जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां रिंग बांध का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और राहत एवं बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से किया जा रहा है। सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
कैलाशपुर में भी बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा
समीक्षा बैठक में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने बेगूसराय सदर प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित कैलाशपुर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर बाढ़ की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में राहत शिविरों एवं कम्युनिटी किचन की व्यवस्था, ड्राई राशन एवं फूड पैकेट की पैकेजिंग और वितरण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने आकस्मिक फसल योजना तैयार करने, वैकल्पिक फसलों एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची को सम्पूर्ति पोर्टल पर लगातार अपडेट रखने को कहा, ताकि पात्र परिवारों तक राहत एवं सहायता समय पर पहुंच सके।
ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में केंद्रीय कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह, सहकारिता मंत्री सह बेगूसराय जिला के प्रभारी मंत्री श्री रामकृपाल यादव, पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र, विधायक श्री रजनीश कुमार, विधायक श्री नरेंद्र कुमार सिंह, विधायक श्री कुंदन कुमार, बेगूसराय नगर निगम की महापौर श्रीमती पिंकी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, राघोपुर तटबंध निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेंद्र, ऊर्जा मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, सांसद श्री अजय कुमार मंडल, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार सहित जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित थे।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```