12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सैनडिस कंपाउंड में हुआ भव्य योग कार्यक्रम

भागलपुर, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भागलपुर के सैनडिस कंपाउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में जिला प्रशासन की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार, कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र कुमार सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं समृद्ध विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपनाकर उसके महत्व को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को लचीला बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि मन को स्वस्थ, शांत और संतुलित रखने का सबसे प्रभावी उपाय भी है।
उन्होंने कहा कि मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। चाहे व्यवसाय हो, सरकारी सेवा हो या सामाजिक जीवन, हर क्षेत्र में सफलता के लिए स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन आवश्यक है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी कार्यक्षमता और ऊर्जा का प्रमुख आधार नियमित योगाभ्यास है। उन्होंने कहा कि खेलकूद स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, लेकिन योग संपूर्ण शरीर के साथ-साथ आंतरिक अंगों को भी स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```