भागलपुर, 13 जून 2026। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC), पटना द्वारा विज्ञापित 4236 पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े वरीय पदाधिकारी, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि परीक्षा का आयोजन 14 जून एवं 17 जून 2026 को दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा के लिए भागलपुर शहरी क्षेत्र में कुल 25 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल एवं उड़नदस्ता दल का गठन भी किया गया है।
बैठक के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा जांच, जैमर एवं सीसीटीवी निगरानी, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, कदाचार या अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी। आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं अन्य संचार उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा का शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (राजस्व) दिनेश राम सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply