अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कहलगांव इकाई के तत्वावधान में कहलगांव स्थित एक कोचिंग संस्थान में 11वीं एवं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए इंटर स्तरीय ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय प्रांत संयोजक (कल्याण छात्रावास) आशिक कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-20 प्रतिभागियों को एबीवीपी की ओर से प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता की विशेष उपलब्धि यह रही कि शीर्ष स्थानों पर अधिकांश छात्राओं ने अपना वर्चस्व स्थापित करते हुए प्रतिभा, परिश्रम और लगन का शानदार परिचय दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संगठन मंत्री राजीव रंजन ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। परिषद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रभक्ति की भावना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
वहीं, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार की ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता का विकास करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला संयोजक पीयूष भारती ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष के 365 दिन, 24 घंटे छात्रहित एवं राष्ट्रहित के उद्देश्य से विभिन्न आयामों के माध्यम से कार्य करती है। परिषद का लक्ष्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी जागरूक बनाना है।
कोचिंग संस्थान के संचालक रवि कुमार ने एबीवीपी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद द्वारा आयोजित ऐसी शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने भविष्य में भी परिषद के रचनात्मक कार्यक्रमों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रांत सह सोशल मीडिया प्रमुख नीरज भगत, दीपक यादव, एम.डी. एजाजुल, धीरज कुमार प्रजापति सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें
ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
WhatsApp Channel Join करें











Leave a Reply