बढ़ती आबादी वरदान या अभिशाप? सरसहाय बालिका उच्च विद्यालय में जागरूकता शिविर व वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित

कहलगांव: अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार, कहलगांव के तत्वावधान में शनिवार को सरसहाय बालिका उच्च विद्यालय परिसर में “देश की बढ़ती आबादी : वरदान या अभिशाप” विषय पर जागरूकता शिविर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जनसंख्या वृद्धि, संसाधनों के संतुलित उपयोग तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिवक्ता निधि चौधरी ने कहा कि अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि आज देश और दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। बढ़ती आबादी के कारण खाद्य सामग्री, पेयजल, बिजली, आवास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप गरीबी, बेरोजगारी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होना समय की आवश्यकता है।
इस दौरान अधिवक्ता निधि चौधरी ने छात्राओं को हाल ही में प्रारंभ की गई ‘प्रज्ञा योजना’ की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर कोल इंडिया लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA) के सहयोग से संचालित इस योजना के तहत कक्षा 8 एवं उससे ऊपर की जरूरतमंद छात्राओं को चार वर्षों तक वित्तीय शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पात्र छात्राओं से 22 जुलाई 2026 तक अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार, कहलगांव में आवेदन करने की अपील की।
कार्यक्रम नालसा (NALSA) कार्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार के मनीष पांडे ने बताया कि प्राधिकार के अध्यक्ष सह अवर न्यायाधीश अखिलेश कुमार एवं सचिव विकास गौरव के मार्गदर्शन में समय-समय पर विधिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में पीएलवी कुंदन कुमार, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा कुमारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


 

 



 

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```