एनटीपीसी कहलगांव के ‘GEM’ समर कैंप में पहुंचीं अधिवक्ता निधि चौधरी, 130 बालिकाओं को किया प्रेरित

कहलगांव, भागलपुर। एनटीपीसी कहलगांव द्वारा संचालित एक माह के आवासीय ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM)-2026’ के तहत सोमवार को विशेष प्रेरणादायी एवं विधिक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सिविल कोर्ट, कहलगांव की अधिवक्ता एवं ‘चौधरी कंसल्टेंसी’ की संस्थापक निधि चौधरी ने भाग लिया।
ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) में एलएल.एम. कर चुकीं अधिवक्ता निधि चौधरी ने बिहार के भागलपुर तथा झारखंड के गोड्डा जिले से आईं 130 ग्रामीण बालिकाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, आत्मविश्वास और डिजिटल साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कंप्यूटर ज्ञान ही ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद महानगरों में अवसर होने के बावजूद उन्होंने अपने गृह क्षेत्र कहलगांव में रहकर कार्य करना चुना, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर कानूनी परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
सत्र के दौरान उन्होंने छात्राओं को निडर होकर अपने सपनों का पीछा करने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बनने का संदेश दिया। उनके अनुभवों और विचारों से छात्राएं काफी प्रेरित नजर आईं।
कार्यक्रम में एनटीपीसी कहलगांव के महाप्रबंधक आनंद चौरसिया तथा उप महाप्रबंधक (विधि) शंकर आनंद भी उपस्थित रहे। उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एनटीपीसी की सीएसआर टीम, मेंटर्स, शिक्षकगण तथा कैंप में भाग ले रही सभी 130 छात्राएं मौजूद थीं। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी कहलगांव द्वारा आयोजित यह आवासीय कार्यशाला 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना है।

📢 भारत वार्ता न्यूज़ WhatsApp चैनल से जुड़ें

ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार-झारखंड की बड़ी खबरें और महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

WhatsApp Channel Join करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

```